August 06, 2024

काशी विश्वनाथ मंदिर के पास गिरे दो मकान, मंदिर का गेट नंबर 4 बंद, रेस्क्यू जारी


वाराणसी में देर रात बड़ा हादसा हो गया। काशी विश्वनाथ मंदिर के येलो जोन में दो मकान ढह गए। करीब 8 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ के जवानों को भी बुलाया गया। NDRF की टीम रेस्क्यू कार्य में जुटी हुई है। मलबे में दबे 6 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेज गया है। बताया जा रहा है कि दो महिलाएं अभी भी लापता हैं, जिनके मलबे में फंसे होने की संभावना जताई जा रही है। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।

जानकारी के अनुसार वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र में खोआ गली चौराहे पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि धराशायी हुआ मकान राजेश गुप्ता और मनीष गुप्ता नाम के दो चचेरे भाइयों का है, जो करीब 70 से 80 साल पुराना है। इनमें से एक मकान चार मंजिला और दूसरा मकान तीन मंजिला है।

 सोमवार रात को मकान से सटी गली में लोग आवागमन कर रहे थे। देर रात करीब 2 बजे मकान अचानक गिर गया। जिससे वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए। इस हादसे में मंदिर में ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हुई है। इसके अलावा एक सिपाही को भी गंभीर चोटें आई हैं।




Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch