रिपोर्ट, अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। विकासखंड कर्वी के ग्राम पंचायत अकबरपुर में नाली निर्माण कार्य में गुणवत्ता की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, और एजेंसी द्वारा घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्माण कार्य में थर्ड क्वालिटी की ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है और क्रेशर की धूल का उपयोग कर काम को अधूरे मानकों पर पूरा किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत एजेंसी द्वारा कार्य की गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है। ईंटें खराब गुणवत्ता की हैं और सीमेंट भी कम मात्रा में मिलाया जा रहा है, जिससे निर्माण के जल्दी टूटने का खतरा है। इस घटिया निर्माण को लेकर गांव के लोग काफी नाराज हैं और अधिकारियों की उदासीनता पर सवाल उठा रहे हैं।
गांव में हो रहे इस घटिया निर्माण को लेकर ग्रामीण अब अधिकारियों से मिलकर शिकायत करने की योजना बना रहे हैं। उनका कहना है कि अगर इस समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे घटिया निर्माण कार्य गांव के विकास में बाधा डाल रहे हैं और उनका भविष्य सुरक्षित नहीं है।
ग्रामवासियों की मांग है कि प्रशासन तत्काल इस कार्य की जांच कराए और दोषी एजेंसी पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में इस तरह के घटिया कार्यों पर रोक लग सके।