Assembly Election : महाराष्ट्र की 288 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए आज मतदान हो रहा है जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को की जाएगी। इस चुनाव में जहां सत्तारूढ़ ‘महायुति’ गठबंधन सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है, वहीं विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (MVA) को सत्ता में शानदार वापसी की उम्मीद है। बता दें कि बीजेपी ने चुनाव प्रचार के दौरान प्रमुखता से ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ और ‘एक हैं तो सेफ हैं’ जैसे नारे लगाए। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि महायुति इन नारों के जरिये धार्मिक आधार पर मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने की कोशिश कर रही है।
महाराष्ट्र चुनाव के चर्चित चेहरे पर नजर
महाराष्ट्र चुनाव में कई चर्चित चेहरे भी मैदान में उतरे हुए हैं. इसमें नागपुर साउथ वेस्ट सीट से बीजेपी के नेता और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस मैदान में हैं. फडणवीस का मुकाबला कांग्रेस पार्टी के प्रफुल्ल गुडधे से है. फडणवीस की नजर लगातार चौथी बार अपने गढ़ को सुरक्षित करने पर है.
2019 के मुकाबले 28 फीसदी बढ़े उम्मीदवार
साल 2019 के राज्य विधानसभा चुनावों की तुलना में इस बार उम्मीदवारों की संख्या में 28 प्रतिशत की बढोतरी हुई है. इस साल 4136 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 2019 में यह संख्या 3239 थी. इन उम्मीदवारों में 2086 निर्दलीय हैं. 150 से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में बागी उम्मीदवार मैदान में हैं. ये बागी उम्मीदवार महायुति और एमवीए के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से जुड़े कुछ अहम आंकड़े
कुल मतदाता- 9.70 करोड़
पुरुष- 5 करोड़ महिला-4.69 करोड़ थर्ड जेंडर-6101 18-19 (फर्स्ट टाइम वोटर)-22.2 लाख विकलांग- 6.41 लाख 100+मतदाता-47392
कुल उम्मीदवार- 4136
पुरुष-3771 महिला- 363 अन्य-2
कुल मतदान केंद्र-100186
ग्रामीण -57582 शहरी- 42604 मॉडल बूथ-633 महिलाओं द्वारा संचालित बूथ-406 विकलांगों द्वारा संचालित बूथ- 274 वेबकास्टिंग- 67557
झारखंड की 38 सीटों पर 528 उम्मीदवार मैदान में
अब बात झारखंड की करें तो अंतिम चरण में जिन 38 सीट पर मतदान होगा उनमें आठ अनुसूचित जनजातियों के लिए और तीन अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित हैं. दूसरे चरण में 60.79 लाख महिलाओं और 147 तृतीय लिंग मतदाताओं सहित कुल 1.23 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इस चरण में कुल 528 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 472 पुरुष, 55 महिलाएं और एक तृतीय लिंग की हैं.
झारखंड की जिन 38 सीट पर चुनाव होने हैं, उनमें से 18 सीट संथाल परगना क्षेत्र में आती हैं, जिसमें 6 जिले शामिल हैं. एनडीए ने चुनाव प्रचार के दौरान आरोप लगाया कि जेएमएम-नीत सरकार के पांच साल के कार्यकाल के दौरान संथाल परगना में बड़े पैमाने पर घुसपैठ हुई है.
दूसरे चरण के चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) उम्मीदवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और विपक्ष के नेता एवं भाजपा उम्मीदवार अमर कुमार बाउरी सहित 528 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा. दूसरे चरण की 38 सीटों में से 17 पर बीजेपी और जेएमएम के बीच सीधा मुकाबला है.
इन 38 सीटों पर पड़ेंगे वोट
झारखंड की जिन 38 सीटों पर वोट डाले जाएंगे उसमें बाघमारा बगोदर, बरहेट, बेरमो, बोकारो, बोरियो, चंदनक्यारी, देवघर, धनबाद, धनवार, दुमका, डुमरी, गांडेय, गिरिडीह, गोड्डा, गोमिया, जामा, जामताड़ा, जमुआ, जरमुण्डी, झरिया, खिजरी, लिट्टीपाड़ा, मधुपुर, महगामा, महेशपुर, मांडू, नाला, निरसा, पाकुर, पोरेयाहाट, राजमहल, रामगढ़, शरत, शिकारीपाड़ा, सिल्ली, सिंदरी और टुंडी सीट शामिल है.
मोहन भागवत, भैयाजी जोशी, अक्षय कुमार ने डाला वोट
नागपुर मे संघ प्रमुख मोहन भागवत ने सुबह सुबह मतदान किया। नागपुर स्थित संघ मुख्यालय के पीछे भाऊसाहेब दफ्तरी स्कूल में मोहन भागवत ने वोट डाला। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने भी यहां अपने मताधिकार का प्रयोग किया। ट डालने के बाद मोहन भागवत ने कहा कि प्रजातंत्र में मतदान नागरिकों का कर्तव्य है। प्रत्येक नागरिक को इसको करना चाहिए। इसलिए मैं बाकी सब काम बाद में करता हूं। मैं उत्तरांचल में था मैं एक दिन का कार्यक्रम कम करके यहां वोट डालने आया हूं। मतदाताओं को मतदान देना चाहिए।