April 12, 2025

पश्चिम बंगाल : वक्फ कानून के खिलाफ बंगाल में फिर हिंसा, पुलिस पर पथराव, भीड़ ने गाड़ियां फूंकीं, कई ट्रेनें कैंसिल


Waqf Law Protest : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) बिल 2025 के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक हो गए। शुक्रवार को निमटीटा रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन पर पथराव किया, रेल पटरियों पर कब्जा किया और सरकारी बसों में आग लगा दी। जंगीपुर और सुती क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्ग 12 को अवरुद्ध कर पुलिस पर पत्थरबाजी की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का उपयोग किया।

हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के अनुरोध पर शमशेरगंज और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में BSF के करीब 300 जवानों को तैनात किया गया। इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं, और रघुनाथगंज व सुती पुलिस स्टेशन क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू है। हिंसा के कारण कम से कम दो ट्रेनें रद्द हुईं और पांच को डायवर्ट किया गया। पुलिस ने 22 लोगों को गिरफ्तार किया है, और स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है।

कैसे उग्र हुआ प्रदर्शन?

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जुमे की नमाज के बाद कुछ लोग शमशेरगंज में जमा हुए और वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया. उन्होंने नेशनल हाईवे -12 को ब्लॉक कर दिया. प्रदर्शन तब हिंसक हो गया, जब कुछ लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव किया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई. उधर, मालदा में प्रदर्शनकारियों ने रेल पटरियों पर धरना दिया, जिससे ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं. पूर्वी रेलवे के फरक्का-आज़िमगंज खंड पर भी रेल यातायात बाधित रहा.

क्या बोले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा?

इस मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर लिखा कि असम में, जहां मुस्लिम आबादी लगभग 40% है, वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे. वहां पुलिस की पहले से तैयारी थी, इसलिए स्थिति नियंत्रण में रही. उन्होंने कहा कि असम में सभी समुदाय बोहाग बिहू की तैयारी में जुटे हैं.

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने सरकार से की ये अपील

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने राज्य सरकार से संवेदनशील क्षेत्रों में उपद्रव करने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई करने को कहा है. उन्होंने कहा कि हमें इसकी आशंका थी, इसलिए हमने मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ भी जानकारी शेयर की थी.

कई ट्रेनें कैंसिल

इस प्रदर्शन के बाद रेलवे को कई ट्रेनों को कैंसिल करना पड़ा है. पूर्वी रेलवे ने एक्स पर बताया, "आज (11 अप्रैल 2025) पूर्व रेलवे के अजीमगंज - न्यू फरक्का रूट पर रेल सेवाएं बाधित हो गईं. दोपहर 2:46 बजे धूलियानगंगा स्टेशन के पास लगभग 5000 लोग रेलवे ट्रैक पर बैठ गए. इसकी वजह से कामाख्या पुरी एक्सप्रेस और कई दूसरी ट्रेनें रास्ते में फंस गईं. बरहरवा-अजीमगंज पैसेंजर ट्रेन को भी बल्लालपुर स्टेशन पर रोक दिया गया है क्योंकि आगे रास्ता साफ नहीं है." रेलवे पुलिस, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बात कर रही है."

रेलवे ने कहा कि इस तरह से ट्रेनों को रोकने से यात्रियों को बहुत परेशानी होती है और ट्रेनों का समय भी बिगड़ जाता है. 



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch