नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे का कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को बताया है। उन्होंने यह इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपा है। धनखड़ के इस फैसले ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है, और कई विपक्षी नेताओं ने सवाल खड़े किए हैं। साथ ही उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता भी जताई है।
“वे पूरा दिन संसद भवन में मौजूद थे। एक घंटे में ऐसा क्या हो गया कि उन्हें इस्तीफा देना पड़ा? हम ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हैं, लेकिन इस अचानक फैसले का कारण समझ से परे है।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने उपराष्ट्रपति के इस्तीफे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा,
“धनखड़ जी के इस्तीफे की खबर सुनकर मैं निजी रूप से बहुत दुखी हूं। हमारे पारिवारिक संबंध लंबे समय से रहे हैं। वे मेरे पिता को भी अच्छे से जानते थे। मैं हमेशा उनका सम्मान करता रहा हूं और उन्होंने भी मुझे भरपूर सम्मान दिया है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”
धनखड़ सोमवार को संसद की कार्यवाही में पूरे दिन सक्रिय रूप से शामिल रहे। सब कुछ सामान्य था, लेकिन रात करीब 9 बजे उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि वे डॉक्टरों की सलाह पर यह निर्णय ले रहे हैं।
“देश की प्रगति का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात रही। सभी सांसदों से मुझे स्नेह और सहयोग मिला।”
अपने कार्यकाल के दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ कई बार न्यायपालिका, विशेष रूप से सुप्रीम कोर्ट, की कार्यप्रणाली पर टिप्पणी करते रहे। उनकी कई टिप्पणियों को लेकर विवाद भी हुआ और विपक्ष ने उन पर गंभीर सवाल उठाए थे।
धनखड़ के अचानक इस्तीफे के पीछे क्या वाकई सिर्फ स्वास्थ्य कारण हैं, या इसके पीछे कोई और राजनीतिक या संवैधानिक कारण भी छिपा है — यह अब चर्चा और अटकलों का विषय बन गया है। आने वाले दिनों में स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।
यही नहीं, जगदीप धनखड़ का ये फैसला इसलिए भी पच नहीं रहा है क्योंकि उनके आगे के कार्यक्रम भी प्रस्तावित थे. 23 जुलाई को धनखड़ का जयपुर दौरा प्रस्तावित था।