July 30, 2025

भारत पर अमेरिका का सख्त रुख: ट्रंप ने लगाया 25% टैरिफ, रूस से व्यापार पर भी लगेगी पेनल्टी


वॉशिंगटन/नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को एक बड़ा आर्थिक झटका देते हुए 1 अगस्त 2025 से भारत से आयात होने वाली वस्तुओं और सेवाओं पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है। साथ ही, उन्होंने रूस के साथ भारत के व्यापारिक संबंधों को लेकर अलग से पेनल्टी लगाने का भी ऐलान किया है।

ट्रंप का तर्क: भारत लगाता है दुनिया में सबसे अधिक टैरिफ

डोनाल्ड ट्रंप ने यह घोषणा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर की। उन्होंने लिखा— “भारत हमारा दोस्त है, लेकिन उसके टैरिफ दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। गैर-मौद्रिक व्यापार बाधाएं भी वहां बेहद कठोर हैं। भारत अब भी रूस से सैन्य उपकरण और ऊर्जा खरीद रहा है, जो ठीक नहीं है, खासकर ऐसे समय में जब रूस यूक्रेन में हिंसा कर रहा है। इसलिए भारत को 25% टैरिफ और एक अलग पेनल्टी भुगतनी होगी।”

रूस के साथ व्यापार पर ‘पेनल्टी’, लेकिन राशि स्पष्ट नहीं

ट्रंप ने यह साफ किया कि भारत द्वारा रूस से व्यापार—खासतौर पर तेल और हथियार—करते रहने पर अमेरिका को आपत्ति है। हालाँकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह पेनल्टी वित्तीय जुर्माना होगी या व्यापारिक प्रतिबंध।

दूसरे देशों पर भी टैरिफ: कनाडा, श्रीलंका, इराक भी निशाने पर

भारत से पहले ट्रंप प्रशासन ने कई अन्य देशों पर भी नए टैरिफ लगाने की घोषणा की है:

देश                      नया टैरिफ (%)
कनाडा                     35%
अल्जीरिया                 30%
श्रीलंका                    30%
इराक                      30%
लीबिया                    30%
ब्रुनेई                       25%
मोल्दोवा                  25%
फिलीपींस               20%

इस साल 2 अप्रैल को ट्रंप ने भारत के लिए 26% टैरिफ की घोषणा की थी, जिसे बाद में 1 अगस्त तक स्थगित कर दिया गया था। अब इसे 25% पर स्थायी रूप से लागू करने की घोषणा की गई है।

भारत की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा

अब निगाहें भारत सरकार की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों को झटका दे सकता है और कूटनीतिक तनाव बढ़ा सकता है, खासकर रूस-यूक्रेन युद्ध की पृष्ठभूमि में।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch