August 11, 2025

करा ली बेइज्जती: आसिम मुनीर ने खुद पाकिस्तान को बताया ‘डंप ट्रक’, भारत को दी मर्सिडीज की उपमा


इस्लामाबाद/वॉशिंगटन: पाकिस्तान के सेना प्रमुख और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अमेरिका दौरे के दौरान भारत को परमाणु हमले की धमकी तो दे डाली, लेकिन साथ ही एक ऐसी बात भी कह दी, जिससे खुद और अपने देश की भद्द पिटवा बैठे। सोशल मीडिया पर उनके बयान का जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लोरिडा में पाकिस्तानी कम्युनिटी कार्यक्रम में बोलते हुए मुनीर ने कहा— “भारत हाईवे पर फेरारी जैसी मर्सिडीज चला रहा है, लेकिन हम बजरी से भरे डंप ट्रक हैं। अगर ट्रक कार से टकराता है, तो नुकसान किसका होगा?” इस बयान के बाद मुनीर की आलोचना हुई कि उन्होंने खुद भारत की रफ्तार और पाकिस्तान की भारी-भरकम, लेकिन पिछड़ी हालत को स्वीकार कर लिया।

सोशल मीडिया पर बने चुटकुले

मुनीर की उपमा पर सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए यूजर्स ने लिखा कि “डंप ट्रक मर्सिडीज से टकराने से पहले ही खराब हो जाएगा” और “इतनी खुद की बेज्जती कोई कैसे कर सकता है।” एक अन्य यूजर ने कहा, “फील्ड मार्शल अपनी इज्जत खुद उड़ा रहे हैं।”

वाजपेयी के कथन का भी जिक्र

अपने भाषण में मुनीर ने पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के उस कथन का भी हवाला दिया कि पाकिस्तानियों का अमेरिका में बसना “प्रतिभा पलायन नहीं, बल्कि प्रतिभा प्राप्ति” है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका, सऊदी अरब, यूएई और चीन के साथ मजबूत साझेदारी और 64% युवा आबादी के दम पर पाकिस्तान का भविष्य उज्ज्वल है।

ट्रंप के साथ लंच पर भी विवाद

मुनीर का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत-अमेरिका संबंध तनावपूर्ण दौर में हैं। इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें व्हाइट हाउस में दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित किया—जो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति को नहीं, बल्कि सीधे सेना प्रमुख को मिला। इस कदम पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch