रायपुर: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 1994 बैच के विकास शील ने आज मंत्रालय, महानदी भवन में छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले वे एशियन डेवलपमेंट बैंक, मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर थे।
विकास शील को आईएएस बनने के बाद मध्य प्रदेश कैडर मिला था। नवंबर 2000 में राज्य विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला। उन्होंने कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जिलों के कलेक्टर के रूप में काम किया और स्कूल शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभागों में सचिव पदों पर कार्यरत रहे।
वे अप्रैल 2007 से अप्रैल 2008 तक रायपुर के कलेक्टर भी रहे। वर्ष 2018 से वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार में विभिन्न विभागों में, जैसे स्वास्थ्य विभाग और जल शक्ति मंत्रालय के जल जीवन मिशन, में सेवाएं दे चुके हैं।
विकास शील का जन्म 10 जून 1969 को हुआ। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में B.E. और M.E. किया। इसके अलावा सिरैक्यूज़ यूनिवर्सिटी, अमेरिका से लोक प्रशासन में मास्टर और एक्जीक्यूटिव मास्टर डिग्री, तथा स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन एवं नीति में एडवांस्ड स्टडी सर्टिफिकेट कोर्स किया है।