बिलासपुर। जिले में मेडिकल व्यवसायी और अन्य लोगों को लोन और निवेश का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। सकरी और तारबाहर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
सकरी थाना क्षेत्र के नेचर सिटी निवासी मेडिकल व्यवसायी राजेश पांडेय को 12 फरवरी को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को प्राइवेट फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी, जिग्नेश त्रिवेदी बताया। उसने राजेश पांडेय को भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री समृद्धि योजना के तहत उन्हें 50 लाख का लोन मिल सकता है।
आरोपी ने लोन प्रक्रिया पूरी करने के लिए दस्तावेज मांगे, जिन्हें व्यवसायी ने व्हाट्सएप पर भेज दिए। इसके बाद प्रोसेसिंग चार्ज, लोन इंश्योरेंस और अन्य मदों के नाम पर कुल लगभग 73 लाख रुपये आरोपी के बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। लोन न मिलने पर व्यवसायी को धोखाधड़ी का एहसास हुआ और उन्होंने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है।
इसी तरह, तारबाहर थाना क्षेत्र में जूम मीटिंग और यूट्यूब के जरिए निवेश का झांसा देकर 5 लोगों से कुल 12 लाख 79 हजार 500 रुपये की ठगी का मामला सामने आया। शिकायतकर्ताओं में मनीराम पटेल, अक्षय कुमार, नेहल मिश्रा, रवि साहू और रामस्वरूप शामिल हैं। आरोपियों शुभम सिंह और उनके साथी ने निवेश करने पर विदेश यात्रा और 1 प्रतिशत लाभ का वादा किया था, लेकिन अब वे राशि देने से इनकार कर रहे हैं।
पुलिस ने इस मामले में जफर इमाम, गंगाधर कुमार, दिलेश्वर मुंडा, शादाब अंसारी, आकाश कुमार और शुभम सिंह के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 318, 4, 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है और जांच जारी है।