September 30, 2025

गरियाबंद में हीरे की अवैध डील का भंडाफोड़, 4 तस्कर गिरफ्तार, 6 नग हीरा के साथ


लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हीरे की अवैध तस्करी का खुलासा किया है। गरियाबंद सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हीरा भी बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल के सामने डीलिंग के दौरान पुलिस ने दबिश दी और 04 व्यक्ति को 06 नग हिरे के साथ पकड़े गये।

30 हजार रुपये में हो रही थी डील

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर 6 नग हीरा बेचने की तैयारी में थे। हीरे की कीमत 30 हजार रुपये तय की गई थी। तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस ने पहले से जाल बिछाया और जैसे ही सौदेबाजी शुरू हुई, मौके पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।

गरियाबंद से बेचने वाले, धमतरी से खरीदने पहुंचे आरोपी

जांच में सामने आया है कि हीरा बेचने वाले आरोपी गरियाबंद जिले के रहने वाले हैं, जबकि खरीदार धमतरी जिले से आए थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों के पास हीरे कहां से आए। संभावना जताई जा रही है कि हीरे अवैध खनन कर निकाले गए होंगे या किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।

स्रोत का पता लगाएगी पुलिस

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। हीरे के वास्तविक स्रोत तक पहुंचने के लिए टीम गठित की गई है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े और लोगों की तलाश की जा रही है।

हीरा तस्करी पर पुलिस की कड़ी नजर

पुलिस ने दावा किया है कि इस कार्रवाई से हीरा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। जिले में अवैध खनन और कीमती पत्थरों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ खनिज अधिनियम और आईपीसी की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch