पाकिस्तान की ओर से गुरुवार की रात किए गए हर हमले को नाकाम करने के बाद भारतीय सेना ने कहा कि सभी नापाक मंसूबों को बलपूर्वक जवाब दिया जाएगा। बता दें कि पाकिस्तान की ओर से गुरुवार की रात को ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया गया था, जिसे भारतीय सेना ने हवा में ही मार गिराया। पाकिस्तान के तीन फाइटर जेट भी भारत ने मार गिराए हैं।
भारतीय सेना की ओर से एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इसके साथ ही लिखा गया है- पाकिस्तानी सशस्त्र बलों ने 08 और 09 मई 2025 की मध्य रात्रि को पूरे पश्चिमी सीमा पर ड्रोन और अन्य हथियारों का उपयोग करके कई हमले किए। पाक सैनिकों ने जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर कई संघर्ष विराम उल्लंघन (सीएफवी) भी किए। ड्रोन हमलों को प्रभावी ढंग से विफल किया गया और सीएफवी को मुंहतोड़ जवाब दिया गया।भारतीय सेना राष्ट्र की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सभी नापाक मंसूबों का बलपूर्वक जवाब दिया जाएगा।
जब पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं (आईबी) के साथ विभिन्न स्थानों पर झुंड ड्रोन भेजने के असफल प्रयास किए, तो उधमपुर, सांबा, जम्मू, अखनूर, नगरोटा और पठानकोट क्षेत्रों में भारतीय सेना की वायु रक्षा इकाइयों द्वारा बड़े पैमाने पर किए गए काउंटर-ड्रोन ऑपरेशन के दौरान 50 से अधिक ड्रोन को सफलतापूर्वक निष्प्रभावी कर दिया गया। इस मुठभेड़ में एल-70 गन, ज़ू-23 मिमी, शिल्का सिस्टम और अन्य उन्नत काउंटर-यूएएस उपकरणों का व्यापक उपयोग किया गया, जो हवाई खतरों का मुकाबला करने की सेना की मजबूत क्षमता को दर्शाता है।