Train hijack in Pakistan: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया है। आतंकियों ने रेलवे ट्रैक को विस्फोट से उड़ा दिया, जिससे ट्रेन रुक गई और फिर सैकड़ों यात्रियों को बंधक बना लिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, बलूच बंदूकधारियों ने करीब 450 यात्रियों को बंधक बना लिया है। ट्रेन के ऊपर गोलीबारी भी की गई, जिसमें ड्राइवर समेत कई लोग घायल हुए हैं।
इस घटना की जिम्मेदारी लेते हुए BLA ने इसे 'रणनीतिक हमला' बताया और पाकिस्तान सेना को चेतावनी दी कि अगर सैन्य कार्रवाई हुई तो सभी बंधकों को मार दिया जाएगा। एक तरफ पाकिस्तान सरकार पहले ही BLA को आतंकी संगठन घोषित कर चुकी है दूसरी ओर यह संगठन बलूच राष्ट्रवाद को बढ़ावा देता है और पाकिस्तान से बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग करता है।
'आपातकालीन कदम' उठाने के निर्देश
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा, 'क्वेटा से पेशावर जा रही जफ्फार एक्सप्रेस ट्रेन पर पीरोकानरी और गदालार के बीच भीषण गोलीबारी की सूचना है।' उन्होंने कहा कि गोलीबारी एक आतंकवादी घटना हो सकती है। इसे लेकर जांच चल रही है। बलूचिस्तान प्रांत की सरकार ने स्थानीय अधिकारियों को 'आपातकालीन कदम' उठाने का निर्देश दिया है। प्रांतीय सरकार के एक बयान के अनुसार, सिबी अस्पताल में इमरजेंसी लगा दी गई है। एम्बुलेंस और सुरक्षा बल घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। हालांकि, पथरीले इलाके के कारण अधिकारियों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रेन में करीब 500 यात्री थे सवार
रेलवे कंट्रोलर मुहम्मद काशिफ ने कहा कि 9 डिब्बों वाली इस ट्रेन में लगभग 500 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा, 'ट्रेन को टनल नंबर 8 के पास सशस्त्र लोगों ने रोक दिया। यात्रियों और स्टाफ से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं।' बयान में आगे कहा गया, ‘रेलवे विभाग ने बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर अधिक ट्रेनें भेजी हैं। घटना के पैमाने और आतंकी तत्वों की संभावना का आकलन किया जा रहा है।’