Quetta Blast : शुक्रवार (25 अप्रैल) को बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना पर बड़ा हमला हुआ है. यहां बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया कि उसने क्वेटा के पास मार्गट इलाके में पाकिस्तानी सेना पर हमला कर 10 सैनिकों को मार डाला. BLA के अनुसार, यह हमला रिमोट-कंट्रोल्ड इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के जरिए किया गया, जिसमें सेना का वाहन पूरी तरह ध्वस्त हो गया.
BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी
लंबे समय से ये इलाका बलूच विद्रोहियों की गतिविधियों का केंद्र रहा है. इस हमले को लेकर फिलहाल पाकिस्तानी आर्मी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. बलूच आर्मी पिछले कई सालों से बलूचिस्तान की आजादी की मांग को लेकर संघर्ष कर रही है. बलूच लिबरेशन आर्मी ने बयान जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली है.
BLA के प्रवक्ता जियांद बलोच ने बयान जारी कर कहा, "हमारे हमले कब्जाधारी सेना के खिलाफ पूरी ताकत से जारी रहेंगे." उन्होंने अपने बयान में लिखा कि पाकिस्तानी सेना के काफिले पर एक रिमोट-कंट्रोल IED से हमला किया गया, इस हमले में दुश्मन की एक गाड़ी पूरी तरह तबाह हो गई और उसमें सवार सभी 10 सैनिक मारे गए. मारे गए सैनिकों में सूबेदार शहज़ाद अमीन, नायब सूबेदार अब्बास, सिपाही खलील, सिपाही जाहिद, सिपाही खुर्रम सलीम और अन्य शामिल हैं.