March 11, 2025

डॉक्टर दंपति का घर जलकर राख, कार समेत 5 गाड़ियां भी हुई स्वाहा , जांच में जुटी पुलिस


रायपुर : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के विद्युत नगर में स्थित डॉ. पीयूष देवांगन के घर में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने घर के भीतर खड़ी नेक्सॉन कार सहित कुल पांच वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस आगजनी से भारी नुकसान हुआ है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

डॉ. पीयूष देवांगन लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, सुपेला में एमडी मेडिसिन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी डॉ. श्रुति देवांगन गायनकोलॉजिस्ट के रूप में कार्य कर रही हैं। डॉ. पीयूष ने बताया कि यह घटना 11 मार्च की सुबह लगभग 4 से 4:30 बजे के बीच हुई।

उस समय घर में उनके माता-पिता, जो सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, वे स्वयं, उनकी पत्नी और दो वर्षीय बेटी मृदा सो रहे थे। अचानक जलने की गंध आने पर उनकी नींद खुली। जब उन्होंने देखा तो पाया कि घर में आग फैल चुकी थी। उन्होंने तत्काल सभी को जगाया और सुरक्षित घर से बाहर निकले।

बाहर आने पर उन्होंने देखा कि आग ने पूरे घर को अपनी लपटों में घेर लिया था। तुरंत ही उन्होंने डायल 112 और दुर्ग अग्निशमन विभाग को सूचना दी। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत एक दमकल वाहन को भेजा गया। आग की भयावहता को देखते हुए एक और दमकल वाहन भेजा गया और वे स्वयं मौके पर पहुंचे।

आग लगने के कारण घर का बड़ा नुकसान हुआ है। डॉ. पीयूष के अनुसार, उनके घर का संपूर्ण सामान जलकर राख हो गया। नई नेक्सॉन कार, तीन स्कूटी, एक पल्सर बाइक, चार एसी सहित लगभग 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

डॉ. पीयूष ने बताया कि उनके घर में ऑटो ट्रिप सिस्टम लगा हुआ है, जिससे बिजली में किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में सप्लाई स्वतः बंद हो जाती है। उन्होंने इस घटना को मात्र शॉर्ट सर्किट का परिणाम मानने से इनकार करते हुए संदेह जताया कि यह किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर किया गया कृत्य हो सकता है। इस संदेह के आधार पर उन्होंने पुलगांव थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।

यह घर विद्युत नगर में स्थित है और दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव के निवास से थोड़ी ही दूरी पर स्थित है। यह क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। पुलिस फिलहाल इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि इस घटना की तह तक पहुंचा जा सके।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch