April 11, 2025

हडसन नदी में क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर, 6 यात्रियों की मौत


अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में गुरुवार (10 अप्रैल) को एक टूरिस्ट हेलीकॉप्टर हडसन नदी में गिर गया. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में तीन बच्चे भी थे.

न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने बताया कि हादसे में मारे गए लोग स्पेन के एक ही परिवार से थे और उनके साथ हेलीकॉप्टर का पायलट भी था. समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, हादसे के बाद दो लोगों को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन बाद में उनकी भी मौत हो गई.

अधिकारियों ने अब तक मरने वालों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं, लेकिन न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक हेलीकॉप्टर में स्पेन में सीमेंस कंपनी के अध्यक्ष और सीईओ अगस्टिन एस्कोबार, उनकी पत्नी और उनके तीन बच्चे सवार थे.

मेयर एरिक एडम्स ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'फिलहाल सभी छह लोगों को पानी से बाहर निकाल लिया गया है और अफसोस की बात है कि सभी की मौत हो चुकी है." उन्होंने आगे कहा कि यह एक बहुत ही दुखद और दिल तोड़ देने वाला हादसा था.

पुलिस कमिश्नर में बताया कैसे हुई घटना?
न्यूयॉर्क पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश के मुताबिक, यह बेल 206 हेलीकॉप्टर न्यूयॉर्क हेलीकॉप्टर टूर्स कंपनी का था. यह हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 3 बजे शहर के एक हेलीकॉप्टर पैड से उड़ान भरकर हडसन नदी के ऊपर उत्तर दिशा की ओर गया.

टिश ने बताया कि जब हेलीकॉप्टर जॉर्ज वॉशिंगटन ब्रिज के पास पहुंचा तो वह दक्षिण की ओर मुड़ गया और कुछ ही मिनटों बाद हादसे का शिकार हो गया. करीब 3:15 बजे यह लोअर मैनहट्टन के पास उल्टा होकर नदी में गिर गया.

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में देखा गया कि एक बड़ी चीज़ नदी में गिर रही है और उसके कुछ ही सेकंड बाद हेलीकॉप्टर का ब्लेड जैसा कुछ नजर आता है. इसके तुरंत बाद आपातकालीन सेवाओं और पुलिस की नावें तेजी से उस इलाके में पहुंच गईं और पानी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया.



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch