IND vs PAK In Asia Cup 2025 : एशिया कप 2025 में आज रात 8 बजे दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान का हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाना तय है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह पहली बार होगा जब दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। देशभर में इस मैच का विरोध हो रहा है और लोग टीवी व ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी इसे न देखने की अपील कर रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल उठ रहा है कि अगर टीम इंडिया आखिरी वक्त पर पाकिस्तान से खेलने से मना कर देती है तो क्या भारत सुपर-4 में क्वालीफाई कर पाएगा?
इस बार एशिया कप में भारत और पाकिस्तान दोनों को ग्रुप-ए में रखा गया है। भारत यूएई के खिलाफ अपना पहला मुकाबला जीत चुका है, वहीं पाकिस्तान ने ओमान को हराया है। नियमों के मुताबिक सुपर-4 में जाने के लिए टीम को लीग स्टेज के तीन में से दो मुकाबले जीतने जरूरी हैं। भारत का अगला मैच ओमान से होगा और अगर टीम इंडिया यह मुकाबला जीत लेती है, तो पाकिस्तान के खिलाफ बिना खेले भी सुपर-4 में जगह पक्की कर सकती है।
फिलहाल भारत का नेट रन रेट (NRR) +10.483 है, जो टीम के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकता है।
ग्रुप-ए से दो टीमें सुपर-4 में जाएंगी। अगर भारत और पाकिस्तान दोनों क्वालीफाई करते हैं, तो दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी। ऐसे में फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को पाकिस्तान को हराना ही होगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मैच से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टीम इंडिया की प्रैक्टिस का वीडियो साझा किया है, जिसमें लिखा है – “सब सेट है और दहाड़ने के लिए हम तैयार हैं।” अभी तक भारत सरकार और बीसीसीआई की ओर से मैच रद्द किए जाने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। ऐसे में यह साफ है कि भारतीय समयानुसार रात 8 बजे दुबई में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला होगा।