नई दिल्ली: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एक और बड़ा कदम उठाया है। उसने 23 मई, 2025 तक पाकिस्तान की तमाम एयरलाइंस के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। पाकिस्तान पहले ही ऐसा भारतीय एयरलाइंस के लिए कर चुका है। भारत का यह कदम पाकिस्तान को आर्थिक रूप से चोट पहुंचाएगा। पाकिस्तानी एयरलाइंस को भारत के एयरस्पेस से बचने के लिए अब लंबे और घुमावदार रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। इससे उड़ानों की दूरी और समय बढ़ेगा। नतीजतन ईंधन की खपत बढ़ेगी। परिचालन लागत में इजाफा होगा। यात्रियों के लिए टिकट की कीमतें भी बढ़ सकती हैं।
पाकिस्तान से पूर्व या दक्षिण-पूर्व एशिया जाने वाली और वहां से आने वाली उड़ानें विशेष रूप से प्रभावित होंगी। वजह यह है कि उन्हें भारत के चारों ओर घूमकर जाना पड़ेगा। लंबी दूरी की वजह से यात्रियों का यात्रा समय काफी बढ़ जाएगा। इससे असुविधा होगी। बढ़ी हुई लागत और यात्रा के अधिक समय लगने के कारण कुछ यात्री पाकिस्तानी एयरलाइंस से यात्रा करने से कतरा सकते हैं। इससे एयरलाइंस को राजस्व का नुकसान हो सकता है। यह कदम पाकिस्तान के लिए एक कूटनीतिक संदेश भी है, जो दोनों देशों के बीच तनाव को दर्शाता है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को एक के बाद एक कई झटके दिए हैं। पहलगाम में आतंकियों ने 26 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए सिंधु जल संधि को स्थगित करने, अटारी चेक पोस्ट को बंद करने और पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद्द करने समेत कई कदम उठाए हैं।
भारत सरकार ने एक नोटम (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया गया है, जिसके तहत पाकिस्तानी एयरलाइन्स के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी गई है. नोटम एक तरह का सूचना तंत्र होता है जो काफी गोपनीय होता है. इसके द्वारा किसी भी संकट के दौरान या संवेदनशील स्थिति में पायलट और एयरलाइंस संचालक को सूचना आदान प्रदान की जाती है. नोटम का इस्तेमाल सरकारी संकाय द्वारा ही की जाती है।