Iran Israel War : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर कार्रवाई को लेकर बहुत बड़ी चेतावनी दी है। G-7 शिखर समिट में हिस्सा लेने कनाडा पहुंचे ट्रंप अपने तय समय से पहले इस शिखर सम्मेलन को छोड़कर जा रहे हैं। इस बारे में व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जी-7 समिट से पहले वहां से निकल जाएंगे क्योंकि उन्होंने बहुत सारी अहम बैठकों में शामिल होना है। इस बीच, ट्रंप ने लोगों से तत्काल तेहरान छोड़ देने की अपील की है। ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष काफी बढ़ गया है और इस यह बड़ा रूप अख्तियार कर सकता है।
'सभी लोग तत्काल तेहरान छोड़ दें'
इससे पहले अपने एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि 'ईरान को डील पर हस्ताक्षर कर देने चाहिए थे। मैंने उनसे डील करने के लिए कहा था। यह कितना शर्मनाक और मानव जीवन का नुकसान करने वाला है। मैंने साफ कहा था कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता है। मैंने यह बात बार-बार कही थी। इसलिए सभी को अब तेहरान तत्काल छोड़ देना चाहिए।'
इजराइल-ईरान संघर्ष मंगलवार को अपने पांचवे दिन में दाखिल हो गया है. सोमवार को दोनों देशों की तरफ से मिसाइलें दागी गईं. तेल अवीव, हाइफा और पेटाह टिकवा पर ईरानी हमलों में कई लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए. इस दौरान एक बिजली संयंत्र सहित प्रमुख बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा. कुल मिलाकर मरने वाले इजराइली लोगों की तादाद 22 तक पहुंच गई है. ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इजराइली हमलों में मरने वालों की कुल तादाद करीब 224 हो गई है. वहीं, इन सबके बीच कुछ भारतीय छात्र जंग की वजह से विदेश में फंसे हुए हैं, जिनको स्थानांतरित किया जा रहा है।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की कोशिश की. उन्होंने कहा कि मिसाइल उनके बेडरूम की खिड़की से टकराई. उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाना जारी रखने की कसम खाई है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने राष्ट्रीय एकता की अपील की. वहीं, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई ने इजरायल पर आवासीय इलाकों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए 'कड़ी सजा' की धमकी दी है. इजरायल के रक्षा मंत्री ने चेतावनी दी कि तेहरान को जल्द ही इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।