May 30, 2025

Operation Sindoor : भारत और पाक में कोई समानता नहीं, कोलंबिया में थरूर की दो टूक


Operation Sindoor : आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सर्वदलीय शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने गुरुवार को कहा कि आतंकवाद फैलाने वाले और इसका विरोध करने वाले के बीच कोई समानता नहीं हो सकती। इसी तरह से हमला करने वाले और इससे अपनी सुरक्षा करने वाले को एक तराजू में नहीं तौला जा सकता। थरूर ने यह बात लैटिन अमेरिकी देश कोलंबिया के बोगोटा में कहीं। थरूर की अगुवाई वाला शिष्टमंडल पनामा के बाद यहां पहुंचा है।

दरअसल, पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर भारत के हमलों के बाद कोलंबिया ने जानमाल के नुकसान पर संवेदना व्यक्त की थी। इसका हवाला देते हुए थरूर ने कहा, 'हम अपने कोलंबियाई मित्रों से कहना चाहेंगे कि जो आतंकवाद फैलाते हैं और जो उसका प्रतिरोध करते हैं, उनके बीच कोई समानता नहीं हो सकती। जो हमला करते हैं और जो रक्षा करते हैं, उनके बीच कोई तुलना नहीं हो सकती। हम केवल आत्मरक्षा के अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, और यदि इस पर कोई गलतफहमी है, तो हम उसे दूर करने के लिए तैयार हैं।'

भारत चार दशकों से झेल रहा आतंकवाद
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि 'हम कोलंबिया से इस मुद्दे पर विस्तार से बातचीत करने को बहुत इच्छुक हैं। हमारे पास, जैसा कि मैंने कहा, बहुत ठोस सबूत हैं। वास्तव में, जब यह आतंकी हमला हुआ, तो उसे ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ नामक संगठन ने तुरंत जिम्मेदारी के साथ स्वीकार किया, जो कि पाकिस्तान के मुरीदके स्थित लश्कर-ए-तैयबा का एक इकाई है। जैसे कोलंबिया ने कई आतंकी हमलों का सामना किया है, वैसे ही भारत ने भी किया है। हम पिछले लगभग चार दशकों से बड़ी संख्या में हमलों को झेलते आ रहे हैं।'

कोलंबिया को कोई गलतफहमी
थरूर ने कोलंबिया को समझाया कि आतंकवादियों को भेजने वालों और उसका विरोध करने वालों में अंतर है. भारत ने सिर्फ अपनी सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया. अगर कोलंबिया में कोई गलतफहमी है, तो वह उसे दूर करने आए हैं. उन्होंने कहा कि शायद कोलंबिया ने स्थिति को पूरी तरह नहीं समझा. इसलिए उसने पाकिस्तान के लिए दुख जताया. भारत चाहता है कि दुनिया के देश पाकिस्तान से कहें कि वह आतंकवादियों को पनाह देना बंद करे.

थरूर ने कहा कि भारत और कोलंबिया दोनों ने आतंकवाद का दर्द झेला है. भारत चार दशक से आतंकी हमले सह रहा है. कोलंबिया भी ऐसी घटनाओं से गुजरा है. भारत दुनिया में शांति और प्रगति के लिए काम करता है. थरूर ने उम्मीद जताई कि कोलंबिया जैसे देश पाकिस्तान को आतंकवादियों की मदद बंद करने के लिए कहेंगे. यह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अंदर या फिर बाहर हो सकता है.

पाक-चीन गठजोड़ पर भड़के थरूर
थरूर ने पाकिस्तान की सैन्य ताकत पर भी बात की. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के 81 फीसदी सैन्य उपकरण चीन से आते हैं. ये उपकरण रक्षा के लिए नहीं, बल्कि हमले के लिए हैं. थरूर ने चीन के बेल्ट एंड रोड प्रोजेक्ट का ज़िक्र किया. इसका सबसे बड़ा प्रोजेक्ट पाकिस्तान में है. इसे चाइना-पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर कहते हैं. यह एक हाईवे है जो चीन को पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिम बंदरगाह से जोड़ता है. इससे चीन को सामान तेजी से ले जाने में मदद मिलती है. थरूर ने कहा कि भारत को पाकिस्तान के विकास से कोई दिक्कत नहीं है. भारत का विरोध सिर्फ आतंकवाद के खिलाफ है.



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch