रायपुर : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 6 अप्रैल 2025 को रामनवमी के दिन, कन्या भोज के लिए निकली 6 साल की एक मासूम बच्ची का शव पड़ोसी की कार की डिक्की में मिला। यह घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के उरला इलाके में हुई। बच्ची सुबह अन्य बच्चों के साथ कन्या भोज के लिए घर से निकली थी, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, और देर रात घर के पास ही एक कार में उसका शव बरामद हुआ।
पुलिस और परिजनों को शक है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे रेप की पुष्टि हो सके। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने तोड़फोड़ की और संदिग्ध के घर को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तीन लोगों को हिरासत में लिया है। यह घटना क्षेत्र में सनसनी फैलाने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रही है।
घटना के बाद से लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है। उन्होंने देर रात संदेही के घर जाकर आग लगा दी। इस दौरान घर में मौजूद लोगों ने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। आग लगने से घर के बाहर खड़ी बाइक पूरी जल गई। परिजन घर में ताला लगाकर दूसरी जगह चले गए हैं। पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।