July 04, 2025

अयान ख्वाजा ने इंडिया ओपन नेशनल 2025 में गोल्ड जीतकर छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान

50 मीटर राइफल प्रोन इवेंट में देशभर में सबसे अधिक अंक प्राप्त कर हासिल किया पहला स्थान


रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा निशानेबाज़ अयान ख्वाजा ने ऑल इंडिया ओपन नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर राइफल प्रोन इवेंट में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ अयान ने न केवल राज्य का गौरव बढ़ाया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ को पहचान दिलाई।


अयान ख्वाजा रायपुर के सड्डू स्थित अविनाश कैपिटल होम्स के निवासी हैं। उनके पिता अफरोज ख्वाजा अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण आयोग से जुड़े हुए हैं।

अयान ने यह उपलब्धि देहरादून में आयोजित ऑल इंडिया ओपन नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान हासिल की। उन्होंने पूरे भारत के प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

सिर्फ दो महीने में मिली सफलता

इस ऐतिहासिक प्रदर्शन का श्रेय अयान ने अपने कोच नीरज निखिल साइमन को दिया है, जो कि भिलाई के प्रसिद्ध शूटिंग कोच हैं। नीरज साइमन के मार्गदर्शन में अयान ने महज दो महीने की कठिन प्रशिक्षण के बाद इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और गोल्ड मेडल जीता।

यह लगातार तीसरी बार है जब कोच नीरज साइमन के प्रशिक्षण में तैयार किसी निशानेबाज़ ने ऑल इंडिया ओपन नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। इससे पहले भी उनके शिष्यों ने नेशनल स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।

प्रदेश में खुशी की लहर

अयान की इस ऐतिहासिक जीत पर राज्य के खेल प्रेमियों, परिजनों और कोचिंग संस्थानों में उत्साह और गर्व का माहौल है। सभी ने उनके उज्जवल भविष्य और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने की शुभकामनाएँ दी हैं।




Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch