March 03, 2025

IND vs NZ: चक्रवर्ती का चक्रवात, अय्यर का तूफान, भारतीय 'शेरों' ने किया कीवियों का काम तमाम, सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी टीम इंडिया


India vs New Zealand : चैंपियंस ट्रॉफी में रविवार रात भारत के सामने सबसे कड़ी चुनौती थी. स्पिन खेलने में माहिर न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत टॉस भी हार गया था. शुरुआत भी खराब रही, लेकिन श्रेयस अय्यर के शानदार अर्धशतक के बूते स्कोरबोर्ड पर 249 रन का चैलेंजिंग टोटल खड़ा हुआ और इसके बाद स्पिनर्स ने अपना जाल बुना और पूरी न्यूजीलैंड की टीम सिर्फ 205 रन पर ही सिमट गई।

रविवार को दुबई में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। भारत ने 9 विकेट खोकर 249 रन बनाए। न्यूजीलैंड की टीम 45.3 ओवर में 205 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत से वरुण चक्रवर्ती ने 5 विकेट लिए, कुलदीप यादव को 2 विकेट मिले। श्रेयस अय्यर ने 79 रन बनाए। न्यूजीलैंड से केन विलियमसन ने 81 रन बनाए। मैट हेनरी को 5 विकेट मिले।

मैच एनालिसिस

प्लेयर ऑफ द मैच
250 रन के टारगेट को डिफेंड करने उतरी टीम इंडिया को स्पिनर्स ने जीत दिलाई। वरुण चक्रवर्ती की मिस्ट्री स्पिन को तो कीवी बैटर्स समझ ही नहीं पाए, उन्होंने 5 बैटर्स को पवेलियन भेजा। उनकी स्पिन ने विल यंग, ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर और मैट हेनरी को पवेलियन भेजा।

जीत के हीरो

अक्षर पटेल: भारत ने 30 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे, यहां अक्षर ने श्रेयस के साथ 98 रन की पार्टनरशिप की। उन्होंने 42 रन बनाए। फिर गेंदबाजी के 10 ओवर में महज 32 रन देकर 1 विकेट लिया।
हार्दिक पंड्या: 7वें नंबर पर बैटिंग करने उतरे हार्दिक ने 45 गेंद पर 45 रन बनाए। उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। फिर गेंदबाजी में रचिन रवींद्र के रूप में टीम को पहली सफलता दिलाई।
श्रेयस अय्यर: 22 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद श्रेयस ने भारत को संभाला। उन्होंने 31 ओवर बैटिंग की और 79 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

वरुण चक्रवर्ती ने खोला पंजा

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पहली बार टीम इंडिया मैनेजमेंट ने वरुण चक्रवर्ती पर भरोसा जताया। मिस्ट्री स्पिनर कप्तान और कोच के भरोसे पर खड़े उतरे और उन्होंने शानदार गेंदबाजी कर न्यूजीलैंड का काम-तमाम कर दिया। उन्होंने अपने 10 ओवर में सिर्फ 42 रन देकर 5 विकेट हासिल किए और टीम इंडिया को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा भारत

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में जीत की हैट्रिक लगाने के बाद सेमीफाइनल में टीम इंडिया का कड़ा इम्तेहान होगा क्योंकि उनका मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। ये ब्लॉकबस्टर मैच 4 मार्च को दुबई में खेला जाएगा।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch