अहमदाबाद। गुजरात का अहमदाबाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम रविवार को होने वाले क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस मुकाबले में देश-दुनिया की कई नामचीन हस्तियां भी शामिल होंगी। मैच देखने पहुंचने वाली इन नामचीन हस्तियों की लिस्ट सामने आई है, जिसमें 100 से अधिक वीवीआईपी शामिल हैं। अहमदाबाद में वीवीआईपी गेस्ट का मेला लगेगा, उतरेंगे 100 से ज्यादा जेट, मेहमानों की लिस्ट में ये है दिग्गज जो आज खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले को देखने स्टेडियम पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ कई और वीवीआईपी भी होंगे शामिल।
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। आज होने वाले इस मुकाबले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश और दुनियाभर के 100 से अधिक वीवीआईपी गेस्ट शामिल होंगे। मुकाबले वाले दिन अहमदाबाद एयरपोर्ट पर तकरीबन 100 चार्टर्ड प्लेन के उतरने की संभावना जताई गई है। फाइनल मुकाबले को यादगार बनाने के लिए बीसीसीआई की ओर से भी विशेष तरह की तैयारी की गई है। क्रिकेट वर्ल्ड कप देखने पहुंचने वाले जिन 100 से अधिक वीवीआईपी गेस्ट की सूची सामने आई है उसमें पीएम और कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट और गुजरात हाई कोर्ट के जस्टिस और पूर्व जस्टिस के अलावा 8 से ज्यादा राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
वहीं, विदेशी मेहमानों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री और ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल भी अहमदाबाद पहुंचेगा। मुकाबला देखने के लिए सिंगापुर, अमेरिका और यूएई के राजदूत भी स्टेडियम में नजर आएंगे। साथ ही कई सांसद एवं गुजरात सहित कई राज्यों के विधायक सहित देश विदेश से लाखों दर्शकों की फौज भी स्टेडियम पहुंचेंगी। इस मैच की टिकटें ब्लैक में भी बेचीं जा रही है और सट्टा बाजार में भारत का पलड़ा भारी बताया जा रहा है।