May 07, 2025

रोहित शर्मा ने फैंस को दिया झटका, टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का किया ऐलान


Rohit Sharma Retirement : आईपीएल 2025 के बीच रोहित शर्मा ने क्रिकेट फैंस को बड़ा झटका दिया है। दरअसल, रोहित ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड दौरे से पहले ये टीम इंडिया के लिए बुरी खबर है। आईपीएल 2025 के बाद भारतीय टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी। इस दौरान दोनों के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। टेस्ट सीरीज की शुरुआत 20 जून से होगी। इस सीरीज से भारतीय टीम नए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल की शुरुआत भी करेगी।

रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि, सभी को नमस्कार, मैं बस ये बताना चाहता हूं कि मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। सफेद जर्सी में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। इतने सालों में मिले प्यार और समर्थन के लिए आप सभी का शुक्रिया। मैं वनडे फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व करना जारी रखूंगा।

ये 38वर्षीय खिलाड़ी अपने करियर के दूसरे हिस्से में भारत के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाजों में से एक था। रोहित ने 67 टेस्ट में 12 शतक और 18 अर्धशतक की मदद से 40.57 की औसत से 4301 रन बनाए। पिछले साल विश्व कप के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से पहले ही संन्यास ले चुके रोहित अब भारत के लिए केवल वनडे प्रारूप में ही नजर आएंगे।

वहीं रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत की कप्तानी की। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर पिछली श्रृंखला और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बोर्डर-गावस्कर श्रृंखला के अलावा कप्तान के रूप में उनका प्रदर्शन प्रभावी रहा।

इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैच की सीरीज के लिए भारत के पास एक नया टेस्ट कप्तान होगा जिसके संभावित उम्मीदवार जसप्रीत बुमराह, लोकेश राहुल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत हो सकते हैं। रोहित ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान कठिन दौर का सामना किया, जहां उन्हें खराब फॉर्म के कारण अंतिम एकादश से बाहर होने का फैसला करना पड़ा। पर उन्होंने उस समय संन्यास लेने से इनकार कर दिया था। 



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch