IND vs ENG 3rd ODI : अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ शुभमन गिल ने शतक का आंकड़ा छू लिया है. यह शुभमन गिल के वनडे करियर का 7वां शतक है. भारतीय ओपनर ने 95 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. हालांकि, 112 रनों के व्यक्गित स्कोर पर वह आदिल रशीद का शिकार बनकर पवेलियन वापस लौट गए.
इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरूआत अच्छी नहीं रही. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा जल्दी पवैलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली के बीच 116 रनों की बेहतरीन साझेदारी हुई. विराट कोहली 55 गेंदों पर 52 रन बनाकर पवैलियन लौटे, लेकिन शुभमन गिल ने अपनी दमदार बल्लेबाजी को जारी रखा.इसके अलावा शुभमन गिल का नाम बेहद खास फेहरिस्त में शुमार हो गया है. दरअसल, शुभमन गिल उन बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने किसी मैदान पर तीनों फॉर्मेट में शतक बनाने का कारनामा किया हो. नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में शुभमन गिल टेस्ट के अलावा वनडे और टी20 फॉर्मेट में शतक बना चुके हैं. वहीं, इस फेहरिस्त में पूर्व साउथ अफ्रीकी दिग्गज फॉफ डु प्लेसिस का नाम शामिल है. फॉफ डु प्लेसिस ने जोहांसबर्ग के मैदान पर तीनों फॉर्मेट में शतक बनाया है. जबकि डेविड वॉर्नर ने एडिलेड ओवल के मैदान पर यह कारनामा किया है. पूर्व पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने कराची के नेशनल स्टेडियम में टेस्ट के अलावा वनडे और टी20 फॉर्मेट में शतक बना चुके हैं. साथ ही क्विंटन डीकॉक ने यह कारनामा सेंचुरियन में किया है.
शुभमन गिल ने बुधवार को वनडे में 2500 रन बनाने वाले दुनिया के सबसे तेज बल्लेबाज बनकर इतिहास की किताबों में अपना नाम दर्ज कराया. गिल ने जनवरी 2019 में हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए अपना वनडे डेब्यू किया. गिल बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए अपना 50 वां वनडे मैच खेल रहे हैं. शुभमन गिल ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला का रिकॉर्ड तोड़ा. अमला ने साउथ अफ्रीका के लिए अपनी 53वीं पारी में वनडे में 2500 रन का आंकड़ा पार किया. गिल को वनडे में 2500 रन पूरे करने के लिए बुधवार को 25 रनों की जरूरत थी और उन्होंने गस एटकिंसन द्वारा फेंके गए भारत की पारी के 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर इसे हासिल कर लिया. शुभमन गिल भारत के लिए तीन मैचों की द्विपक्षीय वनडे सीरीज के हर मैच में 50+ स्कोर बनाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं. उनसे पहले यह उपलब्धि हासिल करने वाले 6 बल्लेबाज हैं. सबसे पहले दिग्गज बल्लेबाज कृष्णामचारी श्रीकांत का नाम आता है. उन्होंने 1982 में श्रीलंका के खिलाफ यह उपल्ब्धि हासिल की थी. इसी लिस्ट में महेंद्र सिंह धोनी भी आते हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों में फिफ्टी जड़ी थी.
क्रिस श्रीकांत बनाम श्रीलंका (1982, घरेलू)
दिलीप वेंगसरकर बनाम श्रीलंका (1985, विदेशी)
मोहम्मद अजहरुद्दीन बनाम श्रीलंका (1993, विदेशी)
एमएस धोनी बनाम ऑस्ट्रेलिया (2019, विदेशी)
श्रेयस अय्यर बनाम न्यूजीलैंड (2020, विदेशी)
इशान किशन बनाम वेस्टइंडीज (2023, विदेशी)
शुभमन गिल बनाम इंग्लैंड (2025, घरेलू)