ICC Champions Trophy India Squad : आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में वनडे और टेस्ट के कप्तान रोहित शर्मा और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों का जवाब देते हुए भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ियों के नामों का ऐलान किया। उम्मीद के मुताबिक टीम में बहुत बदलाव नहीं है। रोहित शर्मा के अलावा सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टीम में शामिल हैं। रोहित शर्मा टीम के कप्तान हैं तो जसप्रीत बुमराह उपकप्तान।
कप्तान रोहित शर्मा और अजीत अगरकर हिटमैन की 264 नंबर वाली स्पेशल लैंबॉर्गिनी कार से बीसीसीआई के ऑफिस पहुंचे थे। नीली कलर की चमचमाती कार से उतरने के बाद ये दोनों मीटिंग में गए। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी वे साथ आए। टीम के उपकप्तान शुभमन गिल हैं, जबकि अर्शदीप सिंह की वनडे टीम में वापसी हुई है। विकेटकीपर के रूप में ऋषभ पंत और केएल राहुल हैं। देखा जाए तो टीम का फॉर्मेशन 7-4-4 है। यानी 7 बल्लेबाज, 4 ऑलराउंडर और 4 गेंदबाज।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान) विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, शमी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया का शेड्यूल
चैंपियंस ट्रॉफी में कुल 8 टीमें खेलेंगी, जिन्हें 2 ग्रुप में बांटा गया है. टीम इंडिया ग्रुप ए में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के साथ है. वह ग्रुप स्टेज में इन तीनों टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी. टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में अपनी शुरुआत 20 फरवरी से करेगी, इस मैच में उसका सामना बांग्लादेश से होगा. फिर टीम इंडिया अपना दूसरा मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी. ये मैच 23 फरवरी को खेला जाएगा. इसके बाद ग्रुप के अपने आखिरी मैच में वह 2 मार्च को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी. इसके बाद सेमीफाइनल और फिर फाइनल खेला जाएगा।
भारत के मैचों का लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के मैचों का भारत में लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के टीवी चैनलों पर किया जाएगा। इसके अलावा, डिज्नी+ हॉटस्टार की वेबसाइट और एप पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।
भारत के मैच की टाइम और डेट
20 फरवरी 2025, दोपहर 2.30 बजे IST – बांग्लादेश vs भारत, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
23 फरवरी 2025, दोपहर 2.30 बजे IST – पाकिस्तान vs भारत, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
2 मार्च 2025, दोपहर 2.30 बजे IST – न्यूज़ीलैंड vs भारत, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम