AUS vs AFG T20 World Cup 2024: टी20 विश्व कप 2024 का सुपर 8 का मैच अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया। मैच से पहले भले ही कहा जा रहा था कि ऑस्ट्रेलिया की टीम आसानी से मुकाबला जीत सकती है, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। 149 रनों के लक्ष्य का पीछा करने में ऑस्ट्रेलिया के पसीने छूट गए और टी20 विश्व कप के इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर किंग्सटाउन में देखने को मिला। अफगानिस्तान की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से हरा दिया। अफगानिस्तान की टीम ने इस बार वह चूक नहीं की, जो वनडे विश्व कप 2023 के लीग फेज के मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ की थी।
टी20 विश्व कप 2024 में ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप स्टेज के लगातार चार मैच और सुपर 8 के मैच में बांग्लादेश को हराकर यहां पहुंची थी, लेकिन अफगानिस्तान की टीम ने ऑस्ट्रेलिया के विजय रथ को रोक दिया। अफगानिस्तान ने इस मैच को जीतकर ना सिर्फ अपने सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है, बल्कि ग्रुप 1 से बांग्लादेश की टीम भी टूर्नामेंट में जीवित है। ऑस्ट्रेलिया के लिए अब मुश्किल खड़ी हो गई है, क्योंकि भारत के खिलाफ मैच ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए एक नॉकआउट मैच की तरह होगा। हालांकि, भारत को उस मैच से ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा।
मैच की बात करें तो अफगानिस्तान की टीम को ऑस्ट्रेलिया ने बल्लेबाजी की न्योता दिया था। अफगानिस्तान ने 6 विकेट खोकर 20 ओवर में 148 रन बनाए थे। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 49 गेंदों में 60 रन बनाए थे। वहीं, इब्राहिम जादरान ने 48 गेंदों में 51 रन बनाए थे। पैट कमिंस ने हैट्रिक जरूर ली, लेकिन वह काम नहीं आई, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया की टीम 149 रनों के जवाब में 127 रन बनाकर ढेर हो गई और मुकाबला 21 रनों से हार गई। अफगानिस्तान की टीम की तरफ से 4 विकेट गुलबदीन नईब ने चटकाए और 3 विकेट नवीन उल हक ने अपने नाम किए।
जिस तरह से ग्लेन मैक्सवेल ने अफगानिस्तान के खिलाफ अकेले दम पर वर्ल्ड कप 2023 के लीग फेज के मैच में ऑस्ट्रेलिया को जिताया था। वैसा ही वे इस मैच में भी करने वाले थे। उन्होंने इस मैच में 41 गेंदों में 59 रनों की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल थे। एक बार को ऐसा लगा कि फिर से वर्ल्ड कप 2023 वाली कहानी दोहराई जाएगी, लेकिन गुलबदीन नईब ने ऐसा होने नहीं दिया। उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल को नूर अहमद के हाथों कैच आउट कराया और मैच में अफगानिस्तान की वापसी कराई। इसके बाद पैट कमिंस को बोल्ड करके मैच खोल दिया था।