July 20, 2025

WCL 2025: आलोचनाओं के बीच भारत-पाक मैच नहीं होगा, समिति ने लिया निर्णय, पढ़े पूरी खबर


WCL 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 का बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब नहीं होगा. यह मैच आज 20 जुलाई को इंग्लैंड के बर्मिंघम के एजबेस्टन ग्राउंड में खेला जाना था, लेकिन आयोजकों ने इसे रद्द कर दिया है. शनिवार देर रात WCL ने एक बयान में कहा कि अगर यह मैच होता, तो इससे कुछ लोगों की भावनाएं आहत हो सकती थीं और भावनात्मक माहौल बन सकता था. इसी वजह से उन्होंने इसे रद्द करने का फैसला लिया.


आयोजकों ने एक बयान जारी कर कहा कि उन्होंने हाल ही में दोनों देशों के बीच हुए वॉलीबॉल मैच के बाद इस क्रिकेट मुकाबले की घोषणा की थी ताकि प्रशंसकों के लिए कुछ खुशनुमा यादें बनाई जा सकें. हालांकि, यह निर्णय कई लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला साबित हुआ और भारतीय लीजेंड्स को भी इससे असहजता हुई. इसी वजह से इस मुकाबले को रद्द करने का निर्णय लिया गया. WCL ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे लोगों की भावनाएं आहत करने के लिए खेद प्रकट करते हैं.

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, जो टूर्नामेंट का हिस्सा हैं और भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले में खेलने वाले थे, उन्होंने भी सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष स्पष्ट किया. शनिवार देर रात ट्वीट और इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए धवन के आधिकारिक हैंडल से एक बयान जारी किया, जिसमें लिखा था, “यह औपचारिक रूप से दोहराना और पुष्टि करना है कि शिखर धवन आगामी WCL लीग में पाकिस्तान टीम के खिलाफ किसी भी मैच में हिस्सा नहीं लेंगे. यह निर्णय पहले ही 11 मई 2025 को कॉल और व्हाट्सएप बातचीत के दौरान आयोजकों को सूचित कर दिया गया था.”

बयान में आगे लिखा गया, “भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा भू-राजनीतिक हालात और तनाव को ध्यान में रखते हुए, धवन और उनकी टीम ने सोच-समझकर यह निर्णय लिया है. हम इस विषय में टूर्नामेंट से सहयोग और समझ की अपेक्षा करते हैं.” धवन ने अपने ट्वीट में लिखा, “जो कदम 11 मई को लिया, उसपे आज भी वैसे ही खड़ा हूं. मेरा देश मेरे लिए सब कुछ है, और देश से बढ़कर कुछ नहीं होता. जय हिंद!”



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch