रायपुर इंडोर स्टेडियम को किया गया है निर्धारित
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ बैठकर आप भी भारत-ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड कप का फाइनल मैच देख सकते है। इसके लिए रायपुर इंडोर स्टेडियम को निर्धारित किया गया है।
यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा। भारतीय टीम की कोशिश तीसरी बार वर्ल्ड चैम्पियन बनने की होगी। वहीं ऑस्ट्रेलिया छठी बार टाइटल जीतने के लिए पूरा जोर लगाएगा और आज मैदान में उतरेगा। भारत ने अब तक एक वर्ल्ड चैम्पियन की तरह खेल दिखाया है और उसने लगातार दस मैच जीते हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती दो मैच हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए लगातार आठ मैचों में जीत हासिल की है।
फाइनल मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अपनी मजबूत प्लेइंग-11 के साथ मैदान में उतरना चाहेंगे। सबसे महत्वपूर्ण ये देखना होगा कि भारत इस मैच में कोई बदलाव करता है या नहीं। अहमदाबाद में काली मिट्टी से बनी पिच पर धीमा टर्न मिल सकता है, लेकिन भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन को तीसरे स्पिनर के तौर पर उतारने की संभावना नजर नहीं आती। जब ग्रुप स्टेज में भारत-ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला हुआ था तो रविचंद्रन अश्विन भी प्लेइंग-11 का हिस्सा थे।